सुप्रीम कोर्ट से प्रतिबंधित चंबल बजरी को लेकर कार्रवाई करते हुए सदर थाना पुलिस ने दो ट्रक जब्त किए हैं। आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ट्रक में मौजूद ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है, तो वहीं दूसरे ट्रक का ड्राइवर भागने में कामयाब हो गया। जिनके खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया हैं। कार्रवाई को लेकर सदर थाना प्रभारी भीम सिंह ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट से प्रतिबंधित चंबल बजरी के आगरा की ओर जाने की सूचना मिली थी। जिस सूचना पर हेड कॉन्स्टेबल हरीश चौधरी और भरत मीणा को नाकाबंदी के लिए भेजा गया। जहां पुलिस की दोनों टीमों ने अलग-अलग जगह से चंबल बजरी से भरे दो ट्रकों को जब्त कर लिया है। पुलिस ने एक ट्रक से ड्राइवर संजू (32) पुत्र कैलाश गिरी निवासी नई बस्ती थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया हैं। कार्रवाई के दौरान दूसरे ट्रक में मौजूद ड्राइवर भागने में कामयाब हो गया। जिसकी तलाश की जा रही हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों ही मामलों में वन्य जीव अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया हैं। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए ट्रक ड्राइवर से पूछताछ की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी ट्रक में चंबल बजरी भरकर मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे।


