भास्कर न्यूज | चाईबासा
पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे 10वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत शनिवार को खेले गए मैच में चाईबासा क्रिकेट क्लब ने चक्रधरपुर के देवेंद्र मांझी क्रिकेट क्लब को 47 रनों से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। अब क्वार्टर फाइनल में चाईबासा क्रिकेट क्लब का मुकाबला 9 फरवरी को टॉउन क्लब चाईबासा और एस आर रूंगटा ग्रुप के विजेता के बीच खेले जाने वाले मैच के विजेता से 14 फरवरी को होगा। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान में खेले गए आज के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चाईबासा क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित तीस ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 253 रनों का स्कोर खड़ा किया। पारी की शुरुआत करने आए साकेत कुमार सिंह ने आक्रमक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंदों पर बारह चौके एवं पांच छक्के की मदद से 95 रन बनाए। मध्यम क्रम में राहुल राज ने तेज बल्लेबाजी करते हुए मात्र 33 गेंदों पर सात चौके एवं छः छक्के की मदद से 76 रन ठोक जबकि कप्तान मनु राज ने पांच चौके एवं दो छक्के की सहायता से 55 रनों की बेहतरीन पारी खेली। देवेंद्र मांझी क्रिकेट क्लब की ओर से ओम मंडल ने 35 रन देकर दो तथा विप्लव कुमार मंडल ने 49 रन देकर दो विकेट हासिल किए। रोहन पासवान एवं आदित्य कुमार यादव को एक-एक सफलता हाथ लगी। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी देवेंद्र मांझी क्रिकेट क्लब की टीम ने भी भरपूर प्रयास किया पर पूरे तीस ओवर खेलकर नौ विकेट के नुकसान पर 206 रन ही जुटा पाई और 47 रनों के अंतर से मैच गंवा कर प्रतियोगिता से बाहर हो गई। अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को एमसीसी चाईबासा का मुकाबला लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब चक्रधरपुर से होगा।


