बलरामपुर जिले के रूपपुर प्रायमरी स्कूल का हेडमास्टर नशे में धुत होकर चड्डा पहने ही स्कूल पहुंच गया। चड्डा पहनकर पहुंचे हेडमास्टर नशे की हालत में बच्चों को पढ़ाते रहे। ग्रामीणों ने पहले भी हेडमास्टर के नशे की हालत में स्कूल आने की शिकायत की थी तो उन्हें दो नोटिस जारी किया गया था। मामला सामने आने के बाद बीईओ वाड्रफनगर ने जांच प्रतिवेदन डीईओ एवं कलेक्टर बलरामपुर को भेजते हुए नशेड़ी हेडमास्टर को सस्पेंड करने की अनुशंसा की है। मामला बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर ब्लाक का है। प्रायमरी स्कूल रूपपुर के हेडमास्टर मनमोहन सिंह शुक्रवार को नशे की हालत में चड्डा पहने पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी मनमोहन सिंह नशे की हालत में स्कूल पहुंचते रहे हैं। इसकी शिकायत पूर्व में कई बार वाड्रफनगर BEO बीईओ से की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। नशेड़ी हेडमास्टर बोले- डॉक्टर ने दी है सलाह
नशे में धुत हेडमास्टर मनमोहन सिंह स्कूल की कुर्सी में बैठकर अपने दोनों पैर टेबल के उपर रखकर बच्चों को पढ़ाते मिले। जब उनसे शराब पीने को लेकर सवाल किया गया तो मनमोहन सिंह ने कहा कि उन्हें डॉक्टर ने शराब पीने की सलाह दी है। वे प्रतिदिन 200 एमएल शराब पीते हैं। मनमोहन सिंह ने दावा किया कि उन्हें हुई बीमारी के इलाज के लिए डॉक्टर ने थोड़ी-थोड़ी शराब पीने के लिए कहा है। BEO बोले-भेजा गया है जांच प्रतिवेदन
मामले में जानकारी चाहे जाने पर वाड्रफनगर बीईओ श्याम किशोर जायसवाल ने कहा कि पूर्व में दो बार हेडमास्टर मनमोहन सिंह को शराब पीने के कारण नोटिस भेजा जा चुका है। शिकायत मिलने पर अंतिम नोटिस भेज दिया गया है। बीईओ ने कहा कि मामले का वीडियो संज्ञान में आया है। कार्यालय से जांच प्रतिवेदन डीईओ एवं कलेक्टर बलरामपुर को निलंबन की अनुशंसा के साथ भेजा गया है। जल्द ही मामले में कार्रवाई होगी। 40 से अधिक बच्चे, दो शिक्षक हैं पदस्थ
रूपपुर प्रायमरी स्कूल में बच्चों की संख्या 40 से अधिक है। यहां हेडमास्टर के अलावे एक अन्य शिक्षक पदस्थ हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हेडमास्टर अकसर शराब पीकर आते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। वे मनमाने तरीके से स्कूल आते-जाते हैं। इससे परेशान ग्रामीणों ने पहले कई बार शिकायत की, लेकिन हेडमास्टर पर कार्रवाई नहीं हो सकी है।


