चतरा पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से करीब छह लाख रुपए की कीमत का अफीम और ब्राउन शुगर बरामद किया है। चतरा के पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र के लेम्बोईया मंदिर के पीछे अवैध रूप से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई के लिए सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शुभम खंडेलवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जर्जर मकान में की कार्रवाई पुलिस टीम ने मंदिर के पीछे स्थित एक जर्जर मकान पर छापेमारी की, जहां दो लोगों को नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। उनके पास से 20.4 ग्राम ब्राउन शुगर और 1.055 किलोग्राम गीला अफीम बरामद किया गया। जिसकी अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपए है। इसके अलावा, पुलिस ने उनके पास से तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। तस्करों की हो गई पहचान गिरफ्तार तस्करों की पहचान नावाडीह गांव निवासी दिवाकर कुमार उर्फ अविनाश कुमार पिता सत्येंद्र दांगी और तेतरिया गांव निवासी ओमकार दांगी पिता अरुण कुमार दांगी के रूप में हुई है। दोनों ही पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। एसपी ने बताया कि ये आरोपी लंबे समय से इस इलाके में सक्रिय थे और इनके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।


