चतरा जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। पहली घटना सदर थाना क्षेत्र के संघरी घाटी में हुई, जहां एक ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण वह पलट गया। इस हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के कैमूर जिले निवासी 40 वर्षीय जमुना यादव के रूप में हुई है, जो धर्मु यादव के पुत्र थे। उनके भाई सरयू यादव ने बताया कि जमुना यादव झारखंड के लातेहार जिले की बालूमाथ कोल परियोजना से कोयला लादकर चतरा के रास्ते बिहार जा रहे थे। चलते ट्रक से कूदने में गई जान तेज ढलान वाली संघरी घाटी में अचानक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। नियंत्रण खोने के डर से जमुना यादव ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह ट्रक के भारी पहियों के नीचे आ गए और उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, चतरा की संघरी घाटी पहले भी कई चालकों की जान ले चुकी है। यहां ब्रेक फेल होना और वाहनों का पलटना एक आम समस्या बन गई है। लगातार हो रहे इन हादसों के बावजूद घाटी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होना सड़क निर्माण और परिवहन विभाग पर सवाल खड़े करता है। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर चतरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।


