झारखंड के चतरा जिले में एक झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से मरीज की मौत हो गई। वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र के पोस्तिया गांव निवासी सुरेंद्र यादव को झोलाछाप चिकित्सक लालू यादव ने इंजेक्शन लगाया था। परिजनों के अनुसार, इंजेक्शन लगते ही सुरेंद्र की हालत बिगड़ने लगी। उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। सड़क पर शव रख किया रोड जाम मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ चतरा-गया मुख्य मार्ग (एनएच-22) को जाम कर दिया। उनकी मांग है कि झोलाछाप डॉक्टर को गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। जाम की वजह से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद से आरोपी लालू यादव गांव से फरार हो गया है।


