चतरा में 18 वर्षीय युवक का शव मिला, दोस्त फरार:लेम खरिक मैदान से लाश की गई बरामद, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव बरामद किया गया है। यह शव लेम खरिक गांव के एक मैदान से मिला। मृतक की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के पेलतौल निवासी अभिषेक सिंह उर्फ निर्भय (पिता लक्ष्मी सिंह) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अभिषेक बुधवार शाम अपने दोस्त गोलू कुमार के साथ घर से निकला था। गोलू राजपुर थाना क्षेत्र के नवडीहा गांव निवासी आशीष सिंह का पुत्र है। देर रात तक अभिषेक के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी। अभिषेक की हत्या में दोस्त का हाथ होने का आरोप गुरुवार सुबह करीब 4 बजे लेम खरिक के मैदान में अभिषेक का शव मिला। इस घटना के बाद से ही अभिषेक का दोस्त गोलू कुमार लापता है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। परिजनों ने अभिषेक की हत्या में गोलू कुमार का हाथ होने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चतरा सदर अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार गोलू कुमार की तलाश में छापेमारी कर रही है। अभिषेक की मौत की खबर पेलतौल गांव पहुंचते ही परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *