उज्जैन में एक पुलिस लिखी स्कॉर्पियो कार पर दो युवकों के स्टंट का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दोनों युवक कार के दोनों ओर पायदान पर लटके हुए नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस गाड़ी पर स्टंट किया गया, उस पर ‘पुलिस’ लिखा हुआ था और उसमें हूटर भी लगा था। यह वीडियो रविवार रात का बताया जा रहा है। स्कॉर्पियो का नंबर एमपी-13 बीए 2550 है। जानकारी के अनुसार यह वीडियो कार के पीछे चल रही एक अन्य गाड़ी में बैठे यात्री ने बनाया था। वीडियो में दिख रहा है कि स्कॉर्पियो कार तेज रफ्तार से इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर से गुजर रही है और उस दौरान युवक चलती गाड़ी के पायदान पर खड़े होकर स्टंट कर रहे हैं। इस दौरान ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं। पुलिस ने कहा– होगी सख्त कार्रवाई वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। ट्रैफिक डीएसपी दिलीप सिंह परिहार ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और गाड़ी के नंबर के आधार पर कार चालक की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्टंट करने वाले युवकों और वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


