श्रीनाथजी मंदिर पुलिस थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया है। थाना इंचार्ज मोहन सिंह के अनुसार 29 जनवरी को पुलिस थाने पर मांगीलाल (60) पुत्र सवा भील निवासी गिर्राजपुरा ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया कि 28 जनवरी को वह मजदूरी पर गया था। शाम को लौटा तो घर का ताला टूटा मिला। घर से चांदी के नौ छत्र व सामान भी गायब था। पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन कर चोर की तलाश शुरू की। पुलिस की टीम ने अनुसंधान करते हुए मुखबीर की सूचना व तकनीकी आधार पर आरोपी अर्जुन लाल (28) पुत्र भैरूलाल भील निवासी खाखरिया खेड़ा पुलिस थाना कुंवारियां को डिटेन कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से चांदी के छत्र भी बरामद किए।


