चांद सिनेमा के पास बुड्ढे नाले में मिला 10-12 दिन पुराना शव

लुधियाना| चांद सिनेमा के नजदीक बुड्ढे नाले में मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह के समय नाले के किनारे से गुजर रहे लोगों की नजर जब पानी में तैरते शव पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर थाना डिवीजन-4 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नाले से बाहर निकलवाया। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। थाना डिवीजन नंबर-4 के एसएचओ गुरजीत सिंह ने बताया कि शव करीब 10 से 12 दिन पुराना लग रहा है। आशंका है कि शव किसी अन्य इलाके से बहकर बुड्ढे नाले के रास्ते यहां पहुंचा हो। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच आंकी गई है, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। नाले के आसपास और संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *