भास्कर न्यूज |लुधियाना पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (पीएयू) परिसर में आयोजित गर्मियों के कपड़ों की प्रदर्शनी में बहादुर के रोड के कपड़ा कारोबारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रदर्शनी में किड्स, जेंट्स और लेडीज के लिए तैयार किए गए कॉटन फैब्रिक के आकर्षक सैंपल स्टालों पर लगाए गए, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में खरीदार पहुंचे। बच्चों के कपड़े बनाने में माहिर कुलविंदर सिंह और हर्षदीप सिंह ने बताया कि इस बार कलेक्शन में इंडियन और चाइनीज—दोनों तरह के कॉटन फैब्रिक का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि बाजार में इन दिनों चाइना का फेक कॉटन काफी पसंद किया जा रहा है, जिस पर डिजाइनिंग बेहद अच्छी होती है। यह कपड़ा हल्का, स्टाइलिश और गर्मियों के लिहाज से आरामदायक माना जा रहा है, इसी कारण इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस साल ग्राहकों से काफी ज्यादा ऑर्डर मिल रहे हैं, जिससे कारोबारियों में उत्साह है। वहीं जेंट्स वियर के कारोबारी गगनजोत सिंह ने बताया कि वे मुख्य रूप से पजामा और टी-शर्ट तैयार करते हैं। गगनजोत सिंह ने कहा कि वे सिर्फ इंडियन कॉटन फैब्रिक का ही इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार टी-शर्ट और पजामों में कई नए डिजाइन बाजार में देखने को मिलेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि 2026 टेक्सटाइल और होजरी कारोबारियों के लिए बेहतरीन साल साबित होगा। शर्ट कारोबारी अमनप्रीत सिंह ने बताया कि बाजार में इस बार जिम सूट और फोर पॉकेट शर्ट की जबरदस्त मांग है। खास तौर पर प्रिंटेड और वॉशिंग शर्ट्स ज्यादा बनाई जा रही हैं। इस अवसर पर हरकेश मित्तल ने कहा कि इस साल एक्सपोर्ट भी पिछले वर्षों के मुकाबले ज्यादा रहने की उम्मीद है, जिससे लुधियाना की टेक्सटाइल और होजरी इंडस्ट्री को बड़ा फायदा मिलेगा।


