लुधियाना| सिविल अस्पताल से पुलिस हिरासत में रखा गया एक आरोपी सोमवार को फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, बोस्टल जेल से मेडिकल जांच के लिए लाए गए पांच आरोपियों में से एक शातिर अपराधी पुलिस को चकमा देकर रफूचक्कर हो गया। रीडर ब्रांच एसएसपी दफ्तर खन्ना में तैनात एएसआई हरभजन सिंह ने बताया कि 2 फरवरी को वह अपने साथी कर्मचारियों के साथ किसी केस में बोस्टल जेल लुधियाना से पांच आरोपी अजय, प्रभजोत, रोहित कुमार, सनी और टोना को मेडिकल करवाने के लिए सिविल अस्पताल लाए थे। जब वह आरोपी अजय को लेकर हड्डियों के डॉक्टर के पास चेकअप करवाकर दवाई ले रहा था, उसी दौरान अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ मौजूद थी। इसी भीड़ और शोर-शराबे का फायदा उठाते हुए शातिर आरोपी अजय ने बड़ी चालाकी से हथकड़ी में से अपना हाथ बाहर निकाला और देखते ही देखते मौके से फरार हो गया। एएसआई हरभजन सिंह के बयान पर आरोपी के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर-2 में धारा 262 के तहत मामला दर्ज कर किया। वहीं, इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपी के भागने के रूट का पता लगाया जा सके।


