लुधियाना| एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से छात्रा की आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर पाड़िता से करीब 5 लाख रुपए वसूले। मामले का खुलासा होने पर पीड़िता के पिता ने थाना डिवीजन नंबर-6 की पुलिस को लिखित शिकायत दी। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर जतिंदर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जालंधर निवासी राघव और उसकी पत्नी सिमरनजीत कौर उर्फ सिमर के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी पढ़ाई कर रही है और राघव उनका करीबी रिश्तेदार है। राघव ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर लड़की को ब्लैकमेल करने की योजना बनाई और एआई तकनीक का दुरुपयोग करते हुए उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर लीं। इन तस्वीरों के जरिए आरोपियों ने लड़की को धमकाकर उससे लाखों रुपये हासिल किए और बाद में तस्वीरें वायरल भी कर दीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।


