थाना डिवीजन-3 क्षेत्र के अधीन आते बाबा थान सिंह चौक पर देर रात हंगामा हो गया। जानकारी के अनुसार बाबा थान सिंह चौक के पास स्थित काइट शॉप पर थाना मोती नगर की पुलिस चाइना डोर के संबंध में रेड करने के लिए पहुंची थी। जहां पर 1 घंटे तक जांच करने के बाद भी पुलिस को कुछ नहीं मिला। इसके बाद दुकान मालिक ने हंगामा करते हुए अपने साथियों को इकट्ठा कर लिया। दुकान मालिक का आरोप है कि उनकी दुकान के कैमरे तोड़े गए। इसके साथ ही उन्हें जबरन दुकान के अंदर एक घंटे तक बैठा कर रखा। जब विवाद ज्यादा बढ़ गया तो मौके पर थाना मोती नगर के एसएचओ अमृतपाल सिंह खुद पहुंचे। जिन्होंने लोगों को शांत करवाते हुए बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने एक व्यक्ति को चाइना डोर की बिक्री के संबंध में पकड़ा था। जिससे उन्हें इस जगह के बारे में जानकारी मिली। बाकी जांच करवाई जा रही है।


