लुधियाना| नगर निगम को एक साल बाद पक्खोवाल रोड रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का लोड परीक्षण करने की याद आई है। लोड टेस्ट के लिए पक्खोवाल आरओबी आज से तीन दिनों तक ट्रैफिक के लिए बंद रहेगा। निगम ने निवासियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। आरयूबी यातायात के लिए खुले रहेंगे। पक्खोवाल रोड आरओबी शुक्रवार सुबह से आने वाले तीन दिनों (72 घंटे) तक यातायात के लिए बंद रहेगा। गौर हो कि पक्खोवाल रोड आरओबी के बनने के बाद इसका क्रेडिट लेने को लेकर होड़ मच गई थी। इसे लेकर कांग्रेस और आप नेताओं ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी लगाए थे। आनन-फानन में इसका उद्घाटन कर दिया गया था। ये है विकल्प: नगर निगम के अधिकारियों ने निवासियों से आने वाले तीन दिनों के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर संजय कंवर ने बताया कि पक्खोवाल रोड नहर पुल से निवासी आरयूबी का उपयोग कर सकते हैं और सराभा नगर और हीरो बेकरी चौक से होते हुए भाई बाला चौक तक पहुंच सकते हैं।


