चाइना डोर ने उड़ाए पावरकॉम के फ्यूज, दो दर्जन इलाकों की बिजली 4 से 5 घंटे रही बंद

भास्कर न्यूज | अमृतसर लोहड़ी पर शहर के हरेक इलाके में चाइना डोर से पतंगे उड़ी। यहां चाइना डोर बिजली कनेक्टर पर लटकती रही। वीरवार रात को पड़े घने कोहरे के कारण बिजली कनेक्टर पर पड़ी चाइना डोर से करंट पास होने के बाद पावरकॉम के कई जगहों पर फ्यूज उड़ गए। इसी कारण सिटी और सबअर्बन सर्किल के करीब दो दर्जन से ज्यादा इलाकों की बिजली 4 से 5 घंटे तक बंद रही। कई लोगों ने तो बिजली जाने पर नोडल कंप्लेंट सेंटरों में अपनी शिकायत दर्ज करवाई। जिसके बाद पावरकॉम कर्मचारियों को इलाके की बिजली बंद होने के बारे पता चल सका। आखिर पावरकॉम कर्मचारियों ने इलाके की बिजली कनेक्टर में से चाइना डोर उतारी और फ्यूज लगाकर बिजली चालू की। खंडवाला 66 केवी बिजली घर से चलने वाले प्रताप बाजार, काले रोड, संधू कॉलोनी, कोट खालसा, मोहनी पार्क, गुरु नानकपुरा की बिजली इसी कारण बंद हो गई जो करीब 3 घंटे बाद चालू हो पाई। इसी तरह मजीठा, रणजीत एवेन्यू, माडर्न कॉलोनी, वेरका, सुल्तानविंड, इस्लामाबाद, चाटीविंड, कश्मीर एवेन्यू, अजनाला रोड, गांव माहल, काले घनुपूर, प्लाह साहिब रोड, घी मंडी, रामबाग, हाल गेट अंदरूनी इलाका, कटड़ा शेर सिंह समेत अन्य इलाकों की बिजली इसी कारण बंद हो गई। जिनका फाल्ट ढूंढने के लिए कई-कई किलोमीटर लाइनों की पैट्रोलिंग करनी पड़ी। फाल्ट ढूंढने के बाद पावरकॉम कर्मियों ने बिजली कनेक्टर से चाइना डोर हटाई और इलाकों की बिजली चालू हो पाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *