चाइनीज मांझे से छात्र के गाल कटे, लगे 34 टांके,VIDEO:रायपुर में महिला का भी होंठ-अंगूठा कटा, भिलाई में मजदूर के गले पर जख्म

मकर संक्रांति पर पतंग उड़ाने की परंपरा एक बार फिर चाइनीज मांझे के कारण जानलेवा साबित हुई। रायपुर में एक छात्र के गाल कट गए। वहीं भिलाई में एक ठेका मजदूर घायल हो गया। पहली घटना रायपुर के पंडरी एक्सप्रेस-वे पर हुई। इस हादसे में छात्र संकल्प द्विवेदी गंभीर रूप से घायल हो गया। वह अपनी बड़ी बहन को स्कूल छोड़ने जा रहा था, तभी चलती गाड़ी में चाइनीज मांझा उसके चेहरे में फंस गया। इससे छात्र के गाल कट गए। वह लहूलुहान हो गया। छात्र को 34 टांके लगाने पड़े। हादसे में छात्र की बहन के हाथ भी मांझे से कट गए। डॉक्टरों ने बताया कि चाइनीज मांझे से लगे घाव के निशान स्थायी रह सकते हैं, इसलिए प्लास्टिक सर्जरी की सलाह दी गई है। इस पहले रविवार शाम करीब 5 बजे पतंग के चाइनीज मांझे से कटने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। महिला शाम को पैदल मंदिर जा रही थी, तभी मांझा उनके चेहरे में फंस गया। महिला ने मांझा हटाने की कोशिश की, जिससे उनके होंठ और अंगूठे में गहरा कट लग गया। इन हादसों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा कैसे बिक रहा है? पहले देखिए ये तस्वीरें- भिलाई में ठेका श्रमिक के गले में फंसा मांझा भिलाई में मकर संक्रांति के दिन कुछ युवक चाइनीज मांझे से पतंग उड़ा रहे थे। साइकिल से घर लौटते समय पतंग का चाइनीज मांझा सीधे श्रमिक के गले में उलझ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान असलम (42 वर्ष) निवासी चांदनी चौक, कोहका के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि असलम भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका श्रमिक है। घटना के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। नेता प्रतिपक्ष के पास पहुंचा छात्र, कार्रवाई की मांग रायपुर की घटना के बाद छात्र संकल्प द्विवेदी निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के पास पहुंचा और कहा कि जो हादसा उसके साथ हुआ, वह किसी और परिवार के साथ न हो। छात्र ने आरोप लगाया कि निगम स्तर पर शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने पीड़ित को हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राजधानी में लगातार हो रही ऐसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने नगर निगम आयुक्त और जिला कलेक्टर से मांग की है कि चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण और उपयोग पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। मंदिर जाते वक्त लाखेनगर में हादसा रायपुर के ब्राह्मणपारा निवासी नेहा यादव ने बताया कि वह रविवार को शाम को घर से पैदल मंदिर जाने निकली थी। मंदिर के पास पहुंचते ही अचानक कुछ उनके चेहरे से टकराया। जब उन्होंने उसे हटाने की कोशिश की तो पहले होंठ कट गया, फिर अंगूठा कट गया। उस समय कुछ समझ नहीं आया। अचानक खून बहने लगा। तब देखा कि चेहरे में फंसा हुआ मांझा था। दर्द के कारण चीख निकल गई। आसपास के लोग दौड़कर आए। होंठ दबाकर खून रोका गया, तब तक कपड़े लहूलुहान हो चुके थे। इसके बाद वह नजदीकी डॉक्टर के पास गई, जहां डॉक्टर ने 10 टांके लगाए और आराम करने की सलाह दी। मांझा कहां से उड़कर आया, यह उन्हें समझ ही नहीं आया। अलग-अलग दुकानों में हुई थी छापेमारी गौरतलब है कि रायपुर नगर निगम की टीम ने 27 दिसंबर को शहर की अलग-अलग दुकानों में छापेमारी की थी। दुकानों की तलाशी के दौरान बूढ़ातालाब स्थित सिटी पतंग भंडार से 2 किलो, मोती पतंग भंडार से 1 किलो और सदर बाजार के संजय पतंग भंडार से डेढ़ किलो प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त किया गया। गोलबाजार के संगम काइट सेंटर का भी औचक निरीक्षण किया गया था। पांच साल की सजा या 5 लाख जुर्माने का प्रावधान अधिवक्ता विपिन अग्रवाल ने बताया कि उल्लंघन पर 1 साल की सजा और 5 लाख तक जुर्माना हो सकता है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने वर्ष 2017 में चाइनीज और नायलोन मांझे पर प्रतिबंध लगाया था। ……………………………. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… रायपुर में मांझे से कटी गर्दन…बच्चे की मौत: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सरकार को लगाई फटकार, कहा-बाजार में कैसे उपलब्ध हो रहा चाइनीज मांझा छत्तीसगढ़ के रायपुर में पतंग के मांझे से 7 साल के मासूम की गर्दन कट गई, जिससे बच्चे की मौत हो गई। वहीं महिला वकील भी मांझे में फंसकर बुरी तरह जख्मी हो गई। महिला का गला और अंगूठे का हिस्सा कट गया है। दोनों घटना शहर के अलग-अलग थाना इलाके की है। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *