चाइनीज मांझे से अलग- अलग हादसों में सोमवार को एक मासूम और दो युवक घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। जानकारी के अनुसार झुंझुनूं में बाइक सवार एक फार्मासिस्ट की गर्दन कट गई। वहीं चूरू में बाइक पर घर लौट रहे युवक का गला व पतंग लूट रहे एक मासूम की 2 अंगुली भी धारदार मांझे से कट गई। हादसे में तीनों घायलों का हॉस्पिटल में इलाज किया गया। झुंझुनूं जिले के खेतड़ी कस्बे के बीसीएमओ ऑफिस में कार्यरत फार्मासिस्ट अशोक कुमार (35) पुत्र मनोहर लाल ने बताया कि दोपहर 2 बजे वह घर से झोझू धाम स्थित गोशाला की ओर जा रहा था। गोशाला में मकर संक्रांति पर धार्मिक आयोजन की तैयारियां चल रही थी, जिसमें उसे भी शामिल होना था। इस दौरान घर से करीब 200 मीटर दूर सिंघाना- खेतड़ी सड़क पर धोबी घाट के पास बाइक चलाते समय अचानक उसकी गर्दन में मांझा उलझ गया। जब बाइक रोक कर उसने गर्दन पर हाथ लगाया, तो गर्दन से खून बर रहा था। आसपास के लोगों को आवाज दी। जिन्होंने उसे खेतड़ी के उप जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर बोले- गले की हड्डी तक पहुंच चुका था मांझा
अस्पताल में डॉ.हर्ष सौभरी और डॉ.जसविंदर सिंह ने इमरजेंसी वार्ड में घायल का इलाज किया। जांच के दौरान पता चला कि धारदार चाइनीज मांझे ने उसकी गर्दन को काफी गहराई तक काट दिया है। गले की हड्डी तक मांझा पहुंच चुका था। इसलिए आते ही उसका इलाज शुरू कर दिया गया। डॉ.जसविंदर चौधरी ने बताया कि चाइनीज मांझा बेहद घातक होता है। इसकी धार इतनी तेज होती है कि शरीर के संपर्क में आने के साथ ही स्किन कट जाती है। अशोक कुमार के साथ भी ऐसा ही हुआ। मांझा स्किन को काटते हुए गर्दन की हड्डी तक पहुंच गया था। इसके कारण 4 टांके गले के भीतर और 10 टांके बाहर की ओर लगाए गए हैं। मामले में खेतड़ी नगर पालिका के एसआई सुनील सैनी का कहना है- नगरपालिका की ओर से 2 दिन तक अभियान चलाकर कार्रवाई की गई थी, लेकिन चाइनीज मांझा नहीं मिला। आज जो घटना हुई, वह गंभीर है। इसके लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। चूरू में घायल बाइक चलाकर पहुंचा अस्पताल
चूरू में वार्ड 38 निवासी तैयब अली ने बताया कि उसका पोता जोयान सैय्यद(18) सोमवार की शाम बाइक पर दुकान से घर लौट रहा था। तभी सुराणा आइस फैक्ट्री के पास चलती बाइक पर चाइनीज मांझे से उसका गला कट गया। युवक ने धागे को रोकने के लिए हाथ आगे किया तो अंगुलियां भी कट गयी। गले से खून बहने लगा। युवक ने तुरंत खुद को संभाल कर निजी वाहन से डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचा। जिले के वार्ड 40 के मो. आहिल कुरैशी(8) को उसके पिता अस्पताल लेकर पहुंचे। पिता ने बताया कि आहिल छत पर खड़ा था। तभी एक पतंग कटकर आई। जिसे पकड़ने के प्रयास में उसके हाथ की अंगुलियां कट गयी। मासूम के हाथ में भी दो टांके आए हैं। यह भी पढ़िए…
सीकर में चाइनीज मांझे में दौड़ा करंट, बच्चे की मौत:11KV की लाइन पर अटकी पतंग हटा रहा था; छत की दीवार भी काली पड़ी पतंग लूटते समय 11KV की लाइन से लटके चाइनीज मांझे को छूने से 15 साल के बच्चे को करंट लग गया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सीकर के कोतवाली थाना इलाके में रविवार दोपहर 2 बजे का है।(पूरी खबर पढ़िए)


