चाईबासा में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) जमशेदपुर की टीम ने भवन निर्माण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अरविंद कुमार सिंह को 70 हजार रुपए घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुराने उपायुक्त कार्यालय परिसर में नारकोटिक्स विभाग के भवन निर्माण कार्य से संबंधित भुगतान मामले में की गई। जानकारी के अनुसार, यह मामला नारकोटिक्स विभाग के भवन निर्माण कार्य से जुड़ा है, जिसकी कुल लागत 55 लाख रुपए थी। इसमें से 29 लाख रुपए का भुगतान पहले ही हो चुका था। ठेकेदार ने एसीबी जमशेदपुर में शिकायत दर्ज कराई शेष बिल के भुगतान के लिए एग्जीक्यूटिव इंजीनियरअरविंद कुमार सिंह 2.5 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे थे, जो 70 हजार रुपए बनता है। घूस की मांग से परेशान होकर ठेकेदार रितेश चिरानिया ने एसीबी जमशेदपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। ठेकेदार की शिकायत की सत्यता की जांच के बाद एसीबी ने एक जाल बिछाया। ट्रैप ऑपरेशन के तहत एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद अरविंद कुमार सिंह को पूछताछ के लिए एसीबी जमशेदपुर ले जाया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


