पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत महुलडीहा गांव के बजरंगबली एवं शिव मंदिर में शिवलिंग के साथ तोड़फोड़ किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आरोप है कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी एक युवक ने मंदिर परिसर में घुसकर शिवलिंग और अन्य धार्मिक प्रतीकों को नुकसान पहुंचाया। आरोपी की पहचान हाकिम शेख के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री बताया जा रहा है। सोनुवा क्षेत्र में ही रह कर काम करता था। आरोपी की पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा घटना के समय मंदिर के आसपास मौजूद ग्रामीणों ने युवक की संदिग्ध गतिविधियों को देख लिया। जब ग्रामीणों ने पूछताछ की तो उसकी हरकतों से मामला स्पष्ट हुआ। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना देकर सोनुवा थाना पुलिस को बुलाया गया। जिसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर के पास जुट गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। केस दर्ज, शांति समिति की बैठक प्रस्तावित ग्रामीणों की लिखित शिकायत पर सोनुवा थाना पुलिस ने मामले की प्राथमिक जांच करते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में निगरानी बढ़ा दी है। हालांकि घटना के बाद भी कुछ ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। ग्रामीणों के एक वर्ग ने मुर्शिदाबाद से आए बाहरी लोगों के सोनुवा क्षेत्र में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने जैसी मांगें भी उठाई हैं। थाना प्रभारी शशीबाला भेंगरा ने बताया कि धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाने का मामला बेहद गंभीर है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। घटना के मद्देनजर आगामी दो दिनों के भीतर सोनुवा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि ग्रामीणों से संवाद कर स्थिति को सामान्य बनाया जा सके।


