चाईबासा में मिलावटी शराब का खुलासा:किराना दुकान से तीन गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब जब्त

चाईबासा पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर मंझारी थाना क्षेत्र के कुन्दरुगुटु गांव में मिलावटी अंग्रेजी शराब की अवैध बिक्री का खुलासा हुआ है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक को मिली सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने शनिवार को कुन्दरुगुटु गांव निवासी कुन्दरा तांती (54) की राशन दुकान पर छापा मारा। दुकान से भारी मात्रा में मिलावटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसके वैध कागजात नहीं थे। कुन्दरा तांती को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। कुन्दरा तांती की निशानदेही पर पुलिस ने दो अन्य स्थानों ग्राम बालन्डिया टोला गुटुसाई और सेरेंगसिया में भी छापेमारी की। इन स्थानों से यदुनाथ लागुरी उर्फ अरुण (29) और हरिश चन्द्र लागुरी (28) को गिरफ्तार किया गया। दोनों के घरों और दुकानों से भी बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई। छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांडों की कुल 111 बोतलें 180 मिलीलीटर, 19 बोतलें 375 मिलीलीटर और 14 बोतलें 750 मिलीलीटर की अंग्रेजी शराब जब्त की गई। इसके अतिरिक्त, 27 बोतलें बीयर और 4 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब कारोबार पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *