नरसिंहपुर-जबलपुर रोड पर शेड नदी के घाट पर गन्ने से भरी दो ट्रॉलियों से जुड़ा एक ट्रैक्टर बेकाबू होकर पलट गया। इस घटना के कारण सड़क पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना बुधवार सुबह की है। ट्रॉली सड़क पर तिरछी अटक जाने से लगा जाम यह घटना इतनी अचानक हुई कि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रॉली सड़क पर तिरछी अटक जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम के दौरान एक एम्बुलेंस भी फंस गई थी। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मदद की और एम्बुलेंस को किसी तरह जाम से बाहर निकाला। जेसीबी की मदद से पलटी हुई ट्रॉली हटाई गई घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू किए। समस्या के समाधान के लिए जेसीबी मशीन मंगाई गई। जेसीबी की मदद से पलटी हुई ट्रॉली को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सुचारु रूप से चलने लगा।


