चाचा ने भतीजे की गोली मारकर हत्या की:मुरैना में जमीन बंटवारे को लेकर हुआ विवाद; भाई को हाथ में गोली लगी

मुरैना जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र के बैंडा गांव में बुधवार सुबह पारिवारिक बंटवारे के विवाद में चाचा ने अपने ही भाई और भतीजे को गोली मार दी। इस गोलीबारी में भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भाई के हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने 7 आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। बैंडा गांव निवासी दशरथ गुर्जर का अपने ही भाई बाला गुर्जर से जमीन बंटवारे को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे दशरथ अपने बेटे ओमप्रकाश गुर्जर के साथ बाइक से टेकरी चौराहे से गांव लौट रहे थे। तभी रास्ते में संता की तिवारी के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपी बाला गुर्जर ने अपने 6 साथियों के साथ उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसाना शुरू कर दीं। पिता और भाइयों के साथ बनाया था प्लान
इस गोलीबारी में भतीजे ओमप्रकाश गुर्जर को गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मृतक के पिता दशरथ गुर्जर के हाथ में गोली लगी है। बताया जा रहा है कि आरोपी बाला गुर्जर ने अपने पिता और अन्य भाइयों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी और मौका मिलते ही रास्ते में घेरकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। एएसपी बोले- आरोपियों की तलाश जारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बैंडा गांव में जमीनी विवाद पर भाई-भतीजे को गोली मारी है, जिसमें भतीजे की मौत हो गई है और भाई गंभीर घायल है। आरोपी भी एक ही परिवार के हैं। पुलिस ने 7 नामजद आरोपियों पर मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *