बारां मिनी सचिवालय में कैंटीन शुरू:एसएचजी की महिलाओं को मिलेगा रोजगार, आमजन को भोजन के साथ उत्पाद भी मिलेंगे

जिला प्रशासन ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नई पहल की है। मिनी सचिवालय परिसर में बुधवार को एक कैंटीन का शुभारंभ किया गया। इस कैंटीन का संचालन स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाएं करेंगी। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने इसका उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर तोमर ने स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने बाजरे के आटे का एक पैकेट खरीदकर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर ने बताया कि यह कैंटीन सचिवालय परिसर में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को स्वच्छ व पौष्टिक भोजन के साथ-साथ समूह के विभिन्न उत्पाद भी उपलब्ध कराएगी। उन्होंने जोर दिया कि यह पहल महिलाओं को रोजगार और आर्थिक संबल प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन जिले में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित ऐसे उपक्रम उनकी आजीविका को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कैंटीन के संचालन से महिलाओं को स्थायी आमदनी का स्रोत मिलेगा और यह आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस अवसर पर कई अधिकारी, कर्मचारी और स्वयं सहायता समूह की सदस्य महिलाएं उपस्थित रहीं। प्रशासन के इस कदम को जिले में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *