चारबाग स्टेशन पर बनेगा स्थायी होल्डिंग एरिया:2500 यात्रियों के ठहरने की होगी व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण के लिए पार्किंग स्थल पर होगा निर्माण

लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थायी होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा। यह होल्डिंग एरिया स्टेशन परिसर में रेल कोच रेस्टोरेंट के सामने स्थित पार्किंग की जमीन पर विकसित किया जाएगा, जहां एक साथ करीब 2500 यात्री ठहर सकेंगे। यहां यात्रियों के बैठने और आराम करने की व्यवस्था के साथ एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएंगी, जिन पर ट्रेनों की रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध रहेगी। पीक सीजन में मिलेगी बड़ी राहत अब तक पीक सीजन और त्योहारों के दौरान चारबाग, वाराणसी, अयोध्या जैसे प्रमुख स्टेशनों पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए जाते रहे हैं, जिससे भीड़ नियंत्रण में काफी मदद मिलती थी। इसी अनुभव को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने देश के 70 प्रमुख स्टेशनों पर स्थायी होल्डिंग एरिया बनाने के निर्देश दिए हैं। इसमें चारबाग, वाराणसी, अयोध्या और गोरखपुर को प्राथमिकता सूची में शामिल किया गया है। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने चारबाग स्टेशन पर स्थायी होल्डिंग एरिया के लिए स्थान चिन्हित कर निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। यात्रियों को मिलेंगी बुनियादी सुविधाएं प्रस्तावित होल्डिंग एरिया में यात्रियों के लिए पर्याप्त सिटिंग अरेंजमेंट, आराम करने की जगह, पेयजल और एलईडी डिस्प्ले की सुविधा होगी। इससे प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ कम होगी और यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी भी आसानी से मिलती रहेगी। वृक्षों का होगा संरक्षण जिस पार्किंग स्थल पर होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा, वहां पहले स्टेशन अपग्रेडेशन योजना के तहत कॉन्कोर्स निर्माण प्रस्तावित था। इसके लिए पीपल, नीम और अशोक जैसे वर्षों पुराने पेड़ों की कटाई के लिए मार्किंग की गई थी। अब होल्डिंग एरिया बनने से इन वृक्षों का संरक्षण भी संभव हो सकेगा। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने दी जानकारी उत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि चारबाग स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट के सामने पार्किंग में स्थायी होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा। इससे यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उन्हें ट्रेनों की अद्यतन जानकारी भी मिलती रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *