नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान, लखनऊ इस सोमवार यानी 5 जनवरी को भी दर्शकों के लिए खुला रहेगा। आमतौर पर सोमवार को बंद रहने वाले चिड़ियाघर को दर्शकों की लगातार बढ़ती संख्या और स्कूलों में छुट्टियों के चलते खोले जाने का निर्णय लिया गया है। चिड़ियाघर की निदेशक अदिति शर्मा ने दर्शकों की मांग को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया है। नए साल में उमड़ा भारी हुजूम चिड़ियाघर प्रशासन के अनुसार, नए साल के अवसर पर बीते चार दिनों में 38 हजार से अधिक लोग चिड़ियाघर का भ्रमण कर चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा भीड़ 1 जनवरी को देखने को मिली, जब करीब 24 हजार दर्शकों ने चिड़ियाघर में समय बिताया। लगातार बढ़ रही दर्शकों की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सोमवार को भी चिड़ियाघर खोलने का निर्णय लिया, ताकि लोगों को घूमने में किसी तरह की असुविधा न हो।


