कोटा जिले के रामगंजमंडी में क्षेत्रीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने, गरीब तबके के मजदूरों और गौमाता के सम्मान को लेकर कांग्रेसी सड़क पर उतरे। ब्लॉक A व B ब्लॉक अध्यक्ष की अगुवाई में मोड़क में मंगलम सीमेंट लिमिटेड के खिलाफ 6 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मोड़क कस्बे में शिव मंदिर से रैली निकाली। और नारेबाजी करते हुए मंगलम सीमेंट फैक्ट्री तक पहुंचे ,फैक्ट्री गेट के बाहर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री पर चारागाह भूमि पर कब्जा करने, स्थानीय बेरोजगारों की अनदेखी और मजदूरों के शोषण के आरोप लगाए। ब्लॉक B कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र सिंह गोविंदा ने कहा कि हमारे क्षेत्र के सबसे बड़े उद्योग मंगलम सीमेंट लिमिटेड द्वारा जो समस्याएं हमारे क्षेत्र में पैदा की गई है उनको लेकर हमने ज्ञापन दिया है। इसमें सबसे बड़ी मांग गोचर भूमि है। जो भी सार्वजनिक प्रयोजन की भूमि थी उन पर मंगलम द्वारा कब्जा किया हुआ है। उनको मुक्त करवाया जाए। साथ में जो स्थानीय युवा बेरोजगार है उनको उनका रोजगार दिया जाए। क्योंकि जब मंगलम सीमेंट स्थापित हुई थी उसे दौरान फैक्ट्री की तरफ से स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का वादा किया गया था। वर्तमान में कंपनी द्वारा किए गए वादे का उल्लंघन किया जा रहा है। वहीं फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों को उचित मानदेय नहीं दिया जा रहा है उनका शोषण किया जा रहा है। ब्लॉक A कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत तिवारी ने कहा कि हमारी मांगे की चरागाह भूमि को कब्जे से मुक्त किया जाए स्थानीय बेरोजगार युवाओं को फैक्ट्री में रोजगार दिया जाए। प्रदूषण को खत्म करने के लिए फैक्ट्री पहल करें।कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक माह में सभी 6 सूत्रीय मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने चेचट के नायब तहसीलदार विशाल वर्मा और मंगलम सुरक्षा अधिकारी एसके शर्मा को मोड़क थानाधिकारी की मौजूदगी में ज्ञापन सौंपा।


