चारा परिवहन संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू:छत्तीसगढ़ में गाड़ियां बंद, चारा सप्लाई ठप; मांगें मानी नहीं तो धरना जारी रहेगा

छत्तीसगढ़ में चारा परिवहन संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार से शुरू हो गई है। अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश भर से सैकड़ों की संख्या में चारा परिवहन संघ के सदस्य राजधानी रायपुर के धरना स्थल पर जुटे। पहले दिन ही बड़ी संख्या में वाहन चालकों और परिवहन ठेकेदारों ने अपनी आवाज बुलंद की। हड़ताल की वजह से अब पशुओं को चारा सप्लाई प्रभावित होने का खतरा भी गहरा गया है। पैराकुट्टी और पशु आहार वाले वाहनों को टोल नाके में छूट की मांग चारा परिवहन संघ के लेखराम साहू ने बताया कि, पुलिस और आरटीओ की चालानी से सभी परेशान है। मुख्य मांगों में सबसे बड़ा मुद्दा पैराकुट्टी वाहनों को टोल नाके से छूट देने का है। संघ का कहना है कि चारा ढोने वाले वाहनों से टोल टैक्स वसूलना गलत है, क्योंकि ये वाहन सीधे तौर पर किसानों और पशुपालकों से जुड़े हैं। इनके संचालन पर अतिरिक्त आर्थिक भार डालना न केवल पशुपालकों के लिए नुकसानदायक है बल्कि प्रदेश में पशुधन संरक्षण को भी प्रभावित करेगा। संघ ने इसके अलावा चार और मांगें रखी हैं, जिनमें चारा सप्लाई से जुड़ी लाइसेंस प्रक्रिया में सरलता, परिवहन दरों में वृद्धि, परिवहन अनुबंधों का समय पर नवीनीकरण और सरकारी योजनाओं में शामिल किए जाने जैसी बातें शामिल हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। गौशाला और डेयरी फॉर्मों में होगा असर धरना स्थल पर पहुंचे चारा परिवहन संघ के नेताओं ने कहा कि, वे बार-बार अपनी मांगों को लेकर प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। ऐसे में मजबूर होकर उन्हें अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता चुनना पड़ा। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि चारा सप्लाई रुकने से पशुपालकों को भारी दिक्कत होगी और इसका सीधा असर प्रदेश की दुग्ध उत्पादन व्यवस्था पर भी पड़ेगा। बताया जा रहा है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला, तो आने वाले दिनों में कई जिलों में पशुओं के लिए चारा संकट गहरा सकता है। खास तौर पर गौशालाओं और डेयरी फार्मों में सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। अब सबकी नजर सरकार और प्रशासन पर टिकी है कि वे संघ की मांगों को कैसे और कितनी जल्दी पूरा करते हैं। फिलहाल चारा परिवहन संघ अपने आंदोलन को लेकर पूरी तरह गंभीर है और पीछे हटने के मूड में नहीं दिख रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *