राजसमंद| राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के सहयोग से एक जिला एक खेल हॉकी के तहत शुक्रवार को राजसमंद, रेलमगरा, कुंभलगढ़ और देलवाड़ा ब्लॉक में ग्रास रूट टैलेंट सर्च प्रोग्राम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में स्थानीय खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा व खेल कौशल का प्रदर्शन किया। वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक श्यामसिंह सिसोदिया ने बताया कि खिलाड़ियों के बैटरी टेस्ट में 800 मीटर दौड़, 10 × 6 शटल रन, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप, स्टैंडिंग वर्टिकल जंप और फ्लेक्सिबिलिटी टेस्ट आदि लिए गए। वहीं स्किल टेस्ट में टारगेट शूटिंग, बॉल कंट्रोल, रनिंग विथ बॉल, रॉलिंग, ड्रिब्लिंग और गेम परफॉर्मेंस देखा गया। यह ग्रास रूट अभियान एवं प्रशिक्षण शिविर 6 फरवरी तक जारी रहेगा। इसके अलावा, देवगढ़, भीम, खमनोर और आमेट ब्लॉक में यह कार्यक्रम 7 फरवरी तक चलेगा। जिला खेल अधिकारी धर्मदेव सिंह* ने बताया कि कलेक्टर अरुणकुमार हसीजा के निर्देशन में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आईपीएल स्टाइल सिक्स ए साइड रात्रिकालीन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें दूसरे जिलों से आए खिलाड़ी और ग्रास रूट अभियान के चयनित प्रतिभागी अपनी कौशल दिखाने का मौका पाएंगे।


