भरतपुर। बजट घोषणा से पहले भरतपुर के तंबाकू और गुटखा बाजार में एक बार फिर हलचल बढ़ गई है। हाल ही में तंबाकू उत्पादों के दामों में बढ़ोतरी हो चुकी है, जिससे उपभोक्ताओं पर पहले से ही असर पड़ा है। अब बजट में इन उत्पादों पर टैक्स और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, जिसके चलते दाम दोबारा बढ़ने का अनुमान है। इसी आशंका के कारण कई दुकानदारों ने पहले ही तंबाकू, गुटखा जैसे उत्पादों का अतिरिक्त स्टॉक जमा कर लिया है। इसका असर बाजार में साफ दिखाई दे रहा है, जहां कई दुकानों पर यह सामान आसानी से उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। व्यापारियों का मानना है कि बजट के बाद यदि टैक्स बढ़ता है तो दामों में और इजाफा होगा। स्टॉक रखने वाले दुकानदार ऊंचे दामों पर बिक्री कर अधिक मुनाफा कमा सकेंगे, जबकि आम उपभोक्ताओं को बढ़ी कीमतों का सामना करना करना पड़ेगा।


