सरायकेला| जिला मुख्यालय सरायकेला में मुहर्रम का जुलूस सोमवार को निकला जाएगा। जुलूस को लेकर विधि व्यवस्था पूरी तरह से चुस्त कर दी गई है। जिला प्रशासन द्वारा जुलूस की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरा की मदद भी ली जाएगी। मुहर्रम जुलूस को लेकर सोमवार को सरायकेला जिला मुख्यालय में प्रवेश करने वाली चार मुख्य सड़कों पर नो एंट्री लगी रहेगी। जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो ने जानकारी देते हुए कहा कि सरायकेला-टाटा मुख्य सड़क पर साहेबगंज के पास से मुख्य सड़क पर वाहनों को रोका जाएगा। चाईबासा सड़क पर भाजपा कार्यालय के पास से नो एंट्री लागू रहेगी आैर राजनगर को जोड़ने वाली बाईपास सड़क पर भी नो एंट्री लागू रहेगी। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि सभी सड़कों पर दोपहर 2 से लेकर रात 10 बजे तक नो एंट्री लगी रहेगी। बड़े-छोटे सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।


