शराब तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक ट्रेलर में चावल के 800 कट्टों के पीछे अवैध अंग्रेजी शराब के 80 कार्टन छिपाए और हरियाणा से तस्करी कर गुजरात ले जा रहे थे। बीकानेर रेंज की स्पेशल टीम ने चूरू के रतननगर थाना पुलिस के साथ कार्रवाई करते हुए हाइवे पर ट्रेलर, चावल के कट्टे और शराब जब्त कर चालक-खलासी को गिरफ्तार कर लिया। बीकानेर रेंज की स्पेशल टीम को हरियाणा से अवैध शराब तस्करी किए जाने की इत्तला मिली थी। रतननगर पुलिस के साथ एनएच 52 पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान सुबह 5.40 एएम पर काले तिरपाल से ढंके एक ट्रक ट्रेलर को रुकवाया गया। तिरपाल हटाकर तलाशी ली तो ट्रेलर में चावल के 800 कट्टे भरे थे। उनकी आड़ी में डाले के पीछे की तरफ अवैध अंग्रेजी शराब से भरे 80 कार्टन बरामद हो गए। ट्रक में सवार चालक सुमित उर्फ सूरज जाट निवासी हरियाणा के रोहतक में सुंदरपुर और खलासी भिवानी निवासी राजेश उर्फ कालू जाट से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि अवैध शराब हरियाणा से तस्करी कर गुजरात के गांधीधाम ले जा रहे थे। पुलिस ने ट्रेलर, चावल के कट्टे और शराब के कार्टन जब्त कर चालक-खलासी को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी क्राइम एंड विजिलेंस पवन कुमार भदौरिया और प्रभारी संदीप पूनिया के सुपरविजन में कार्रवाई करने वाली टीम में एसआई फरमान खान, एएसआई विमलेश कुमार, नानूराम, कांस्टेबल नरेश, भीवाराम, शिव, रविन्द्र व बाबूलाल शामिल थे।


