राज्य सरकार ने प्री- डीएलएड परीक्षा की तिथि अभी तक घोषित नहीं की है। यह पहली बार है जब नोडल एजेंसी की ओर से प्री-डीएलएड परीक्षा की ऑनलाइन आवेदन दिसंबर में शुरू किए गए। हालांकि नोडल एजेंसी की ओर से अब ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को 28 फरवरी तक बढ़ा दिया गया है। अब तक करीब 5.30 लाख अभ्यर्थी प्री परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं। 28 फरवरी तक इस संख्या में और इजाफा होने की संभावना है। पिछले साल प्री- परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन 6 मार्च से शुरू किए गए थे और परीक्षा एक जून 2025 को आयोजित की गई। इस बार परीक्षा जल्दी करवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया तीन माह पहले शुरू की गई। लेकिन राज्य सरकार ने अभी तक परीक्षा की तिथि निर्धारित नहीं की है। दरअसल, इस साल 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी प्री- डीएलएड परीक्षा में शामिल होने के लिए पात्र हैं। 12वीं बोर्ड की परीक्षा 12 फरवरी से शुरू होगी और 11 मार्च तक चलेगी। 12वीं कक्षा के जिन छात्र-छात्राओं ने प्री- परीक्षा में आवेदन किया है उन्हें तैयारी के लिए समय मिल सकें इसके लिए अब अब प्री-डीएलएड परीक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा के बाद होने की संभावना हैं।


