भास्कर न्यूज |बठिंडा/ रामा मंडी आम तौर पर बुजुर्गों या मध्यम आयु वर्ग के लोगों का दिल का दौरा पड़ने से मौत के मामले सामने आते थे, लेकिन अब बच्चों में भी हार्ट अटैक के मामले सामने आ रहे हैं। यह गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। एक बच्चे की हार्ट अटैक से मौत होने का मामला रामा मंडी में सामने आया है। गांव बंगी दीपा सिंह की रस्साकशी खेल की खिलाड़ी 14 साल की मनदीप कौर पुत्री सतनाम सिंह की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल दाखिल करवाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने परिवार को मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है। जानकारी के अनुसार खिलाड़ी मनदीप कौर गांव बंगी रूघु में स्थित मास्टर माइंड स्कूल में मिडल कक्षा में पढ़ती थी। वह छुट्टियों में अपने ननिहाल गांव मूसा गई हुई थी। सोमवार को दिल का दौरा पड़ने से उसकी तबीयत खराब हो गई। परिवार के लोगों ने उसे अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। मनदीप कौर के निधन का पता चलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मनदीप कौर गांव बंगी दीपा सिंह के किसान यूनियन नेता नायब सिंह की पोत्री थी जिसने कई प्रतियोगिताएं जीती थीं। परिवार के लोगों ने बताया कि मनदीप कौर ने जिले के अलावा राज्य स्तर पर रस्साकशी के मुकाबलों में कई मेडल जीते थे। एक्सपर्ट व्यू . दिल की कई बीमारियां हैं जो कम उम्र में मौत का कारण बनती हैं जिंदल हार्ट अस्पताल के दिल के रोगों के माहिर डॉ. राजेश जिंदल का कहना है कि इतनी छोटी उम्र में हार्ट अटैक चिंता का िवषय है। परिवार चाहे तो उसका पोस्टमार्टम करवा सकता है, ताकि मौत के असल कारणों का पता चल सके। अमूनन 14 साल की आयु में हार्ट अटैक से मौत नहीं हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो परिवार के सभी सदस्यों को अपना चेकअप जरूर करवाना चाहिए। दिल की कई बीमारियां हैं जो कम उम्र में हार्ट का कारण बनती हैं।


