भास्कर न्यूज | पटियाला/पातड़ां लव मैरिज करवाने वाले युवक को थाने बुलाकर युवती के पक्ष में आए व्यक्तियों द्वारा रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकियां देने का मामला सामने आया है। धमकियों से परेशान युवक ने जहरीली वस्तु निगल ली, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना पातड़ां पुलिस ने युवती के चाचा और गांव की महिला सरपंच के पति समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी गुरदीप सिंह ने बताया कि उक्त मामले में मृतक के दर्ज करवाए गए बयानों के आधार पर कार्रवाई की है जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक की पहचान नवनीत सिंह (28) निवासी पातड़ां के रूप में हुई। उसने मरने से पहले पुलिस को दिए में बताया था कि उसने गांव जियुनपुरा निवासी युवती के साथ परिवार की मर्जी के बिना करीब 9 महीने पहले लव मैरिज की थी। इस पर आरोपी उसे केस में फंसाने की धमकियां दे रहे थे, जिनसे परेशान होकर उसने जहरीली वस्तु निगल ली। पुलिस ने नवनीत के बयानों के आधार पर युवती के आरोपी चाचा बलविंदर सिंह, गांव की महिला सरपंच के पति मुख्तियार सिंह, मोहर सिंह और कृपाल सिंह निवासी जियुनपुरा के खिलाफ आत्महत्या के लिए परेशान करने की धारा के तहत केस दर्ज किया है। नवनीत के पिता ने युवती के खिलाफ भी केस दर्ज करने की मांग की है। मृत नवनीत सिंह के पिता जसवंत सिंह ने बताया कि 22 जनवरी की शाम करीब 7 बजे बेटे ने जहरीली दवाई पी ली। वे उसे राजिंदरा अस्पताल लेकर पहुंचे, बाद में पीजीआई चंडीगढ़ ले गए। 27 जनवरी को हालत में सुधार होने पर छुट्टी करवाकर घर लाए, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर संगरूर और फिर दोबारा राजिंदरा अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां 3 फरवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बेटे नवनीत सिंह व युवती दोनों स्कूल टाइम से एक दूसरे को जानते और प्यार करते थे। दोनों ने अप्रैल 2024 में लव मैरिज कर ली थी। इसकी जानकारी किसी को नही थी, बावजूद युवती किसी अन्य युवक के साथ शादी करवा रही थी। उसकी बारात 19 जनवरी को आनी थी। इसकी जानकारी मिलने पर 18 जनवरी को नवनीत सिंह ने लव मैरिज की तस्वीरें व दस्तावेज थाने में देकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस जब युवती के घर पहुंची तो उसका रिश्ता टूट गया। इसके बाद आरोपियों ने युवक को थाने में बुलाकर रेप केस में फंसाने और पूरे परिवार पर कार्रवाई करवाने की धमकियां दीं। पिता ने पुलिस से गुुहार लगाई है कि उक्त युवती के खिलाफ भी केस दर्ज हो।


