डीडवाना-कुचामन जिला प्रशासन की पहल पर गुरुवार को चितावा स्थित भारतीय पीजी महाविद्यालय परिसर में घुमंतू परिवारों के बच्चों के लिए एक विशेष संवर्धन एवं प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी मुख्य मेहमान के रूप में मौजूद रहे, जबकि जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर जिला प्रशासन और भामाशाहों के सहयोग से राजकीय स्कूलों में पढ़ रहे 11 गांवों के कुल 160 घुमंतू विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म, स्वेटर, जूते और स्टेशनरी किट वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त, मौके पर ही 18 विद्यार्थियों के आधार कार्ड बनाए गए और उन्हें सौंपे गए। कार्यक्रम के दौरान 60 जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबल भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने जिला कलेक्टर डॉ. खड़गावत के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि घुमंतू परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की यह पहल उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने बताया कि जिले में घुमंतू परिवारों के बच्चों को राजकीय स्कूलों में प्रवेश दिलाकर उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उनके आवश्यक दस्तावेज तैयार करने, आवास और कृषि कार्य हेतु भूमि उपलब्ध कराने के साथ-साथ राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने सहयोग करने वाले भामाशाहों का आभार व्यक्त किया।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहन लाल खटनावलिया ने इस पहल को जिले में घुमंतू परिवारों के बच्चों के शैक्षिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में कुचामन उपखंड अधिकारी विश्वामित्र मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह देथा, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भंवर लाल खोखर, सरपंच मनोज मेघवाल, महाविद्यालय प्रतिनिधि, भामाशाह गंगा सिंह राजावत, राजेंद्र सिंह राठौड़, अनिल पारीक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।


