हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य के खिलाफ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जबरदस्त वायरल हो रही है। इसमें भाजपा पदाधिकारी ने लिखा है कि हवामहल विधानसभा के जयसिंहपुरा खोर में मिलीभगत कर जिस गति से सरकारी जमीन पर अवैध कॉलोनियों बसाई जा रही हैं, उससे तीन साल में शायद ही कोई सरकारी जमीन बचेगी। सैंया भये कोतवाल तो डर काहे का…। सोशल मीडिया पर हेरिटेज नगर निगम के निवर्तमान पार्षद और चित्तौड़गढ़ के जिला प्रभारी विमल अग्रवाल ने यह पोस्ट किया है। अग्रवाल को हाल ही में केंद्रीय बजट प्रचार समिति का सदस्य भी बनाया है। इस पोस्ट पर पूर्व चेयरमैन सुरेंद्रसिंह रॉबिन ने लिखा है कि पता करो नेताजी, ये किसकी शह पर हो रहा है। ढूंढाड़ परिषद के संयोजक पूर्व पार्षद कपिला कुमावत के पति विजयपाल कुमावत ने भी कमेंट किया कि यही पलायन की वजह बनी और हिंदुओं के मकान बिक रहे हैं। सभी लोग दिखावा कर रहे हैं। राज्य सरकार तक पहुंची शिकायत विमल अग्रवाल का नाम भाजपा शहर अध्यक्ष के लिए भी चला था। बहरहाल, अग्रवाल ने विधायक बालमुकुंदाचार्य के खिलाफ न केवल पोस्ट की है, बल्कि जयसिंहपुरा खोर, दिल्ली रोड, जामडोली के पास की गोचर भूमि और मंदिर माफी की जमीनों के संबंध में सीएम और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को भी अवगत कराया है। मैंने प्रदेशाध्यक्ष को शिकायत की है जयसिंहपुरा खोर व दिल्ली रोड की सरकारी जमीनों के पास अवैध कॉलोनियां बसाई जा रही हैं, ताकि गोचर व सिवाई चक जमीनों पर कब्जा किया जा सके। पूर्व में भी मंदिर और बावड़ी को ध्वस्त कर अवैध कॉलोनी बसा दी गई। स्थानीय लोग निगम, जेडीए, पुलिस थाना व जनप्रतिनिधियों को शिकायतें कर चुके हैं, मगर कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों ने मुझे भी बताया, मैंने समस्त जानकारी प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ को दी है।
-विमल अग्रवाल, जिला प्रभारी, चित्तौड़गढ़ व निवर्तमान पार्षद अग्रवाल हवामहल से टिकट चाहते थे जयसिंहपुरा या आसपास कोई सरकारी जमीन पर अवैध कॉलोनियां के संबंध में मेरे पास कोई जानकारी नहीं है। मैंने स्वयं भी जेडीए में शिकायत की है, लेकिन अफसर सुनवाई नहीं करते। विमल अग्रवाल तो स्वयं हवामहल से टिकट चाहते थे। उन्हें टिकट नहीं मिला तो मेरा क्या दोष। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट के संबंध में जानकारी लेकर सिवाय चक जमीन पर कब्जे के बारे में पता करता हूं।
-बालमुकुंदाचार्य, विधायक, हवामहल विधानसभा क्षेत्र पूर्व प्रदेशाध्यक्ष के पुत्र भी कर चुके हैं शिकायत :भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष भंवरलाल शर्मा के पुत्र व सांसद मंजू शर्मा के छोटे भाई मनोज शर्मा ने भी हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। शर्मा की शिकायत के बाद ही हवामहल विधानसभा की सरकारी जमीन पर जारी किए गए 8 पट्टे रद्द हुए। जेडीए के अधीन सरकारी जमीन के पट्टे निगम प्रशासन ने जारी किए थे। फिलहाल यह मामला कोर्ट में लंबित है।


