चित्तौड़गढ़ में लगातार दूसरा दिन भी ठंड के चपेट में रहा। बुधवार सुबह भी कड़ाके की ठंड के साथ शुरू हुई। गलन भी बरकरार है। वहीं, अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई है। जिले में अभी मौसम साफ और शुष्क है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में ओर गिरावट होने की संभावना है। कोहरे का असर नहीं होने के कारण विजिबिलिटी भी पूरी तरह क्लियर है। 48 घंटे पहले बदला मौसम प्रदेश में बदलते मौसम का असर चित्तौड़गढ़ में लगातार देखने को मिल रहा है। तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव भी जारी है। 2 दिन पहले तक भी चित्तौड़गढ़ का अधिकतम तापमान राजस्थान में सबसे ज्यादा रहा। रात को भी हल्की गर्मी का एहसास हो रहा था। लेकिन पिछले 48 घंटों से मौसम ने पलटी खाई और ठंडी हवाओं के चलते टेंपरेचर डाउन हो गया। गलन भी तेज हो गई। बुधवार सुबह से ही तेज धूप निकली है लेकिन ठंड और गलन दोनों ही बरकरार है। चित्तौड़गढ़ में कोहरे का असर नहीं है, इसलिए विजिबिलिटी पूरी तरह से क्लियर है। अधिकतम तापमान में भी 1.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। मंगलवार दोपहर का तापमान 22.9 डिग्री और रात का तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। जबकि सोमवार के दिन का तापमान 24.8 डिग्री और रात का तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। मावठ का असर भी देखने को मिल सकता है मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटे तक चित्तौड़गढ़ में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। जिसके कारण टेंपरेचर में गिरावट होने की संभावना है। इसके अलावा एक और स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने से 10 से 12 जनवरी के दौरान राजस्थान के कुछ संभागों में मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है। इसका असर चित्तौड़गढ़ में भी पड़ सकता है।


