4 करोड़ की सायबर ठगी की आरोपी युवती को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती सानिया उर्फ गुड़िया उर्फ सोनिया सिद्दीकी गोपालगंज बिहार हाल सूर्या विहार फेस 2 पल्ला फरीदाबाद हरियाणा की रहने वाली है। जो 11 महीने पहले कोटा स्टेशन से पुणे पुलिस की गिरफ्त से फरार हुई थी। जीआरपी ने सानिया को पुणे महाराष्ट्र से पकड़ा है। जीआरपी डीएसपी शंकर लाल ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में टीमें गठित की। टीमों ने फरीदाबाद व बिहार में दबिश दी। फरार आरोपियों का पता नहीं लगा। कोर्ट से आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। टीम को 4 जनवरी को महाराष्ट्र रवाना किया। फरार सानिया को 7 जनवरी को पुणे महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर कोटा लाया गया। जिसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवाया गया है।
ये था मामला
पुणे पुलिस आरोपियों को हरियाणा के फरीदाबाद से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर दुरंतो ट्रेन से पुणे ले जा रही थी।18 फरवरी 2024 को ट्रेन कोटा रेलवे स्टेशन पर पहुंची। तड़के 4 बजे करीब ट्रेन कोटा पर रुकी। इसी दौरान ठग युवती हथकड़ी से हाथ निकाल कर फरार हो गई। पुणे पुलिस को घटना की जानकारी सुबह 7 बजे रतलाम पहुंचने पर लगी। सानिया उर्फ गुड़िया पर पुणे के बालचन्द नगर में 4 करोड़ की साइबर ठगी का मामला दर्ज था।


