महासमुंद| चित्रोत्पला (महानदी) की शांत धारा के किनारे बसा सिरपुर, रात के अंधकार में भी अपनी प्राचीन चेतना को उजागर करता दिखाई देता है। ड्रोन से ली गई यह विहंगम नाइट-विजन तस्वीर मानो इतिहास, आस्था और सौंदर्य का एक दुर्लभ संगम है, जिसमें पौराणिक गंधेश्वर महादेव की दिव्य अभिव्यक्ति जल-तरंगों में साकार होती प्रतीत होती है। दीपों और रोशनियों से नहाया सिरपुर, अंधेरे को चीरते हुए अपने गौरवशाली अतीत की कथा कहता है। मंदिरों की शिखर रेखाएं, सीढ़ीनुमा घाट, और जल में झिलमिलाती रोशनी, सब मिलकर ऐसा दृश्य रचते हैं, जैसे समय स्वयं ठहरकर इस धरोहर को निहार रहा हो। रात के सन्नाटे में जब श्रद्धालुओं की आहट और आरती की लौ मिलती है, तब सिरपुर एक पुरातात्विक स्थल के रूप में जीवंत अनुभूति बन जाता है। गंधेश्वरनाथ का शृंगार।


