चिनार ड्रीम सिटी में हादसा:थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाकर ढूंढते रहे परिजन, बदबू आने पर लिफ्ट की जांच की तो हुआ खुलासा

भोपाल की पॉश कॉलोनी चिनार ड्रीम सिटी में एक खराब लिफ्ट ने 77 साल से बुजुर्ग की जान ले ली। होशंगाबाद रोड स्थित इस हाई-राइज सोसाइटी में बुजुर्ग तीसरी मंजिल से लिफ्ट की डक्ट में गिर गए। करीब 8 दिन बाद बदबू फैलने पर लिफ्ट डक्ट की जांच की गई, तब जाकर बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। सोसाइटी वालों का कहना है कि कई बार ऐसे फ्लोर पर भी लिफ्ट का गेट खुल जाता था, जहां लिफ्ट पहुंचती ही नहीं। इसी लापरवाही के चलते बुजुर्ग के तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट के सामने लिफ्ट डक्ट का गेट खुला हुआ था, जिससे उनके डक्ट में गिरने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान प्रीतम गिरी गोस्वामी के रूप में हुई है। वे अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर डी-304 में अपने बेटे के साथ रहते थे। उनका बेटा इलाके में किराने की दुकान चलाता है। 10 जनवरी को प्रीतम गिरी घर से लापता हो गए थे, जिसके बाद परिजनों ने उसी दिन मिसरोद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मिसरोद थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार ने बताया कि जांच कर रहे हैं। खामी पहले से थी, फिर भी ठीक क्यों नहीं हुई? सोसाइटी प्रबंधन का कहना है कि घटना के समय लिफ्ट खराब होने के कारण बंद थी। शनिवार रात लिफ्ट के पास तेज बदबू फैलने लगी, जिसके बाद टेक्नीशियन को बुलाकर लिफ्ट डक्ट की जांच कराई गई। नीचे शव दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी गई। कपड़ों और चप्पलों के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान की। रहवासियों का कहना है कि खराब लिफ्ट की शिकायतें पहले भी की गई थीं, लेकिन बिल्डर और सोसाइटी प्रबंधन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। उनका आरोप है कि समय रहते तकनीकी खामी दूर कर दी जाती, तो हादसा टल सकता था। लिफ्ट फ्लोर लेवल पर न हो तो लैंडिंग फ्लोर का दरवाजा खुल नहीं सकता, क्योंकि सिस्टम इंटरलॉक होता है। यदि फिर भी दरवाजा खुले, तो यह तकनीकी खामी है। ऐसी स्थिति में तुरंत मेंटेनेंस टीम को बुलाएं। तब तक चेतावनी बैरिकेड लगाकर दरवाजा बंद रखें, ताकि बुजुर्ग या बच्चे हादसे का शिकार न हों।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *