हाईकोर्ट बार एसासिएशन, जयपुर व दि बार एसोसिएशन जयपुर व दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सहित प्रदेश की करीब 230 पंजीकृत बार एसोसिएशन में 2024-25 के वार्षिक चुनाव शुक्रवार सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होंगे। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर के चुनाव में 5,716, दि बार एसोसिएशन, में 4,880 और दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन में 1831 मतदाता अपने मत का उपयोग करेंगे। चुनाव प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगा दिए हैं और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया है। चुनाव संचालन समिति के मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश कर्नल ने बताया कि अध्यक्ष पद पर पांच प्रत्याशियों राजेश महर्षि, महेन्द्र शांडिल्य संगीता शर्मा, इन्द्रेश शर्मा व राजीव सोगरवाल के बीच मुकाबला है। महेन्द्र शांडिल्य दो बार हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं, संगीता शर्मा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की पहली महासचिव रही हैं। राजेश महर्षि दि बार एसोसिएशन जयपुर के पूर्व अध्यक्ष व महासचिव पद पर रह चुके हैं। जबकि महासचिव पद पर सात प्रत्याशी रमित पारीक, अशोक कुमार यादव, अंकित सेठी, निशांत शर्मा, दीपेश शर्मा, डॉ. रामरूप मीना व शिवराज सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। उपाध्यक्ष के दो पदों पर 7 प्रत्याशी बाबूलाल शर्मा, शालिनी श्योरान, सुरेश कुमार, संदीप कुमार मीना, प्रीति शर्मा, वंदना शर्मा व सुनील कुमार शर्मा हैं। संयुक्त सचिव पद पर तीन प्रत्याशी अमित कुमार शर्मा, आमिर खान व सौरभ दुबे हैं। दी बार एसोसिएशन जयपुर में अध्यक्ष पद पर 6 व महासचिव पद पर 9 प्रत्याशी दि बार एसोसिएशन जयपुर के चुनाव में अध्यक्ष पद पर 6 प्रत्याशी संदीप लुहाड़िया, सोमेश चन्द्र शर्मा, राजेश चौधरी, सुरेन्द्र सिंह राजावत, रजनीश गौड़ व प्रमोद कुमार शर्मा चुनाव मैदान में हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी राम मनोहर शर्मा ने बताया कि महासचिव पद पर 9 प्रत्याशी मनीष गगरानी माहेश्वरी, पुष्पेन्द्र कुमार भारद्वाज, अर्जुन राजपुरोहित, बिन्दिया शर्मा, गोविन्द सिंह चूंडावत, पंकज शर्मा पचलंगिया, कुलभूषण गौड़, जयराम सिंह व उमेश चौधरी हैं। चुनाव समिति सदस्य राजेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि उपाध्यक्ष पद पर 7 प्रत्याशी बीना कुमारी, घनश्याम गंगवाल, रविन्द्र कुमार शर्मा, नरेश कुमार सेन, मनोज शर्मा, मोनू अग्रवाल व रमेश चन्द्र शर्मा चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन चुनाव में अध्यक्ष पद पर गजराज सिंह राजावत, संदीप शर्मा व सुमित्रा कुमावत हैं। महासचिव पद पर मनोज भारद्वाज, मनोज वर्मा, नरेन्द्र सिंह राजावत व राकेश जाटव के बीच मुकाबला है। गौरतलब है कि वन वार वन वोट के पालन में जिस अधिवक्ता ने जिस बार एसोसिएशन में मतदान करने के लिए शपथ पत्र दिया है वह उसी बार एसोसिएशन में मतदान करेंगे। इसके अलावा जिन बार एसोसिएशनों ने अपने संविधान में कार्यकाल दो साल का कर लिया है उन बार एसोसिएशनों में यह चुनाव नहीं हो रहे हैं।


