यह जीत मेरे लिए सिर्फ एक खिताब नहीं है, बल्कि एक ऐसा अवसर है। जिसके जरिए मैं अपनी जमीन से दुनिया को प्रेरित करना चाहती हूं। मेरा सपना है कि राजस्थान की लोक संस्कृति को विश्व स्तर पर पहचान दिलाउ।
यह कहना है चूरू की बेटी पारुल झेडू का। जिले के गांव गोगासर की पारूल ने एलिट मिस राजस्थान-2025 में सेकंड रनर-अप का खिताब जीता है। अब वह मॉडलिंग और अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाना चाहती है। एलिट मिस राजस्थान 2025 (सीजन-12) का ग्रैंड फिनाले जयपुर के मानसरोवर स्थित अनंत महल में हुआ। जिसमें प्रदेश भर से आई सैकड़ों प्रतिभागियों के बीच पारूल ने टॉप-3 में जगह बनाई और सेकेंड रनर-अप रही। राजस्थान की लोक संस्कृति से है बेहद लगाव
इस उपलब्धि पर पारुल झेडू ने कहा- “यह जीत मेरे लिए सिर्फ एक खिताब नहीं है, बल्कि एक ऐसा अवसर है जिसके जरिए मैं अपनी जमीन से दुनिया को प्रेरित करना चाहती हूं।” उन्होंने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सधी हुई प्रस्तुति से यह मुकाम हासिल किया। साथ ही पारुल ने बताया कि उनको राजस्थान की लोक संस्कृति से बेहद लगाव है। पारुल ने कहा- मेरा सपना और प्रयास है कि राजस्थान की लोक संस्कृति को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने में अपनी भूमिका निभाऊ। मॉडलिंग के साथ-साथ पढ़ाई भी है जारी
पारुल मॉडलिंग के साथ-साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रखे हुए हैं। उनका मानना है कि शिक्षा और जुनून दोनों को साथ लेकर चलना ही सच्ची सफलता है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता प्रदीप और संगीता, बहन प्रीति और भाई मोहित सहित पूरे परिवार को दिया। कई म्यूजिक एल्बम में काम कर चुकी
पारुल का सपना मॉडलिंग और अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाना है। वह पहले भी कई म्यूजिक एल्बम में काम कर चुकी हैं और बड़े मंच पर खुद को स्थापित करने के लिए लगातार मेहनत कर रही हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि चूरू जिले और राजस्थान की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनकर उभरी है। बचपन से रहा है डांस का शौक
पारुल ने बताया कि वह पहले घर पर डांस करती थी। तब मम्मी ने समझाया और मैं स्कूल, कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने लगी। इसके बाद सोशल मीडिया पर अपने डांस के वीडियो शेयर करने लगी। उन्हें बचपन से ही डांस का शौक रहा हैं। प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं पिता
पारुल ने बताया कि वह मध्यम वर्गीय परिवार से हैं। पिता प्रदीप झेडू प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं। मां संगीता गृहणी हैं। 2 बहन और 1 भाई हैं। पारूल का जन्म गोगासर में हुआ। पारूल ने ग्रेजुएशन पूरी कर ली है।


