चूरू में शनिवार से तीन दिवसीय चूरू महोत्सव की शुरुआत होगी। पुलिस लाइन खेल मैदान में इस महोत्सव की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। एसडीएम बिजेन्द्र सिंह के निर्देशन में तैयारियां की जा रही हैं। महोत्सव के पहले दिन 22 फरवरी को सुबह सवा सात बजे चूरू गढ़ से विरासत कार्निवल यात्रा निकलेगी। साढ़े दस बजे से पारंपरिक परिधान प्रतियोगिता, रस्सा-कस्सी, कला प्रदर्शनी और संगीत-नृत्य प्रतियोगिताएं होंगी। शाम को पद्मश्री गुलाबो सपेरा का नृत्य, संतोष नायर की वायब्रेंट इंडिया नृत्य प्रस्तुति और बॉलीवुड गायक रविन्द्र उपाध्याय का कार्यक्रम होगा। 23 फरवरी को युवा और स्टार्टअप पर विशेष चर्चा होगी। प्रवासी सम्मान समारोह में गौरव श्री अवॉर्ड दिए जाएंगे। शाम को चार बार के ग्रैमी विजेता रिकी केज का लाइव कॉन्सर्ट और जिक्र द बैंड की प्रस्तुति होगी। अंतिम दिन 24 फरवरी को साहित्यिक उत्सव का आयोजन होगा। शाम को प्रसिद्ध रंगकर्मी अतुल सत्य कौशिक का लाइव थिएटर और कवि सम्मेलन होगा। इसमें लोकेश कुमार ‘साहिल’, अरुण जैमिनी, अमन अक्षर सहित कई साहित्यकार भाग लेंगे। तीनों दिन क्राफ्ट और फूड बाजार, महिला सशक्तीकरण चर्चा सत्र और विभिन्न कला कार्यशालाएं भी चलेंगी। यह महोत्सव स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और इतिहास को प्रदर्शित करने का एक मंच होगा।


