बीकानेर विकास प्राधिकरण ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। निगम ने जयपुर रोड पर संचालित 12 दुकानों को सात दिन में हटाने का नोटिस जारी किया है। बीडीए अधिकारियों का कहना है कि ये दुकान नियम विरुद्ध बनी हुई है। प्राधिकरण के अनुसार- जयपुर रोड पर जाट छात्रावास परिसर में 12 दुकान (साईज 9′ x 15′) संचालित की जा रही हैं। यह छात्रावास परिसर में भवन विनियम प्रावधान अनुसार नियमों के विपरीत बनी हुई हैं। प्राधिकरण ने 7 दिनों में इन दुकानों को हटाने का नोटिस जारी किया है। इस अवधि में दुकान नहीं हटाने पर प्राधिकरण की ओर से उचित कार्यवाही करते हुए संबंधित संस्था से हर्जाना वसूल किया जाएगा। आदेश अनुसार- मुख्य रोड पर व्यवसायिक गतिविधियां संचालित होने पर, पार्किंग के कारण आवागमन में दुर्घटना होने की संभावना अक्सर बनी रहती है। समस्त कार्यवाही जनहित में आवागमन को देखते हुए कार्यवाही जानी अति आवश्यक है। इस आदेश की पालना सिर्फ जाट धर्मशाला के आगे बनी दुकानों तक सीमित रहेगी। हालांकि जयपुर रोड़ पर ही बड़ी संख्या में दुकानों और घरों के आगे अतिक्रमण पहले से हैं। उन पर कार्रवाई के संबंध में कोई दिशा निर्देश जारी नहीं किया जा रहा।


