जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देश पर शुक्रवार को चाइनीज मांझे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्र की कई दुकानों से चाइनीज मांझा जब्त किया, जिसे बाद में पुलिस लाइन स्थित सद्भावना मंडप के सामने जलाकर नष्ट कर दिया गया। विकास अधिकारी महेन्द्र भार्गव ने बताया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्र में चाइनीज मांझे की खुली बिक्री की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई। प्रशासन ने अलग-अलग टीमें बनाकर शहर और गांवों में छापेमारी की। कार्रवाई की खबर फैलते ही कई दुकानदार दुकानें बंद कर फरार हो गए। दूधवाखारा के नायब तहसीलदार महेन्द्र गहलोत के अनुसार, बालरासर आथुणा, ढाढ़रिया बणीरोतान और जसरासर में चाइनीज मांझे की बिक्री पर कार्रवाई की गई। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यह अभियान जारी रहेगा और दोषी दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


