चूरू के डीबी अस्पताल में पहली बार रीढ़ की हड्डी की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। बीनासर के 27 वर्षीय मुबारिक खेत में खेजड़ी के पेड़ से गिरने के बाद गंभीर घायल हो गया था। एमआरआई और सीटी स्कैन में पता चला कि रीढ़ की हड्डी का एक टुकड़ा टूटकर पैरों की नसों को दबा रहा था। जिससे मरीज के लकवाग्रस्त होने का खतरा था। डॉ. रायल ने बताया कि मरीज मंगलवार को आया था। एमआरआई और सीटी स्कैन में पता चला कि हड्डी का एक टुकड़ा टूटकर पैरों की नसों को दबा रहा था। आर्थोपेडिक्स विभाग के डॉ. राजेंद्र रायल के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने करीब चार घंटे की सर्जरी कर मरीज को नया जीवन दिया। अब मरीज की हालत में काफी सुधार है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. हनुमान जयपाल ने बताया कि जिले में स्पाइन सर्जरी का यह पहला मामला है। चूरू में मेडिकल कॉलेज खुलने के बाद यहां बड़े और जटिल ऑपरेशन भी होने लगे हैं। यह ऑपरेशन पहले जयपुर और बीकानेर के बड़े अस्पतालों में होते थे।


