चूरू जिले के दूधवाखारा थाना क्षेत्र के भामासी गांव में गुरुवार रात एक किसान के घर में बने छपरे में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस घटना में छपरे में बंधी 2 गायें जिंदा जल गईं। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया था। आग लगने की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक 2 गायें लोहे की सांकल से बंधी होने के कारण बाहर नहीं निकल पाईं और उनकी मौत हो गई। परिजनों ने एक अन्य गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। दूधवाखारा थाना के हेड कॉन्स्टेबल प्रदीप कुमार ने बताया कि यह घटना गुरुवार रात पनाराम जाट के घर में हुई। आग के कारण छपरे में रखा पशु चारा, पानी के पाइप, दो गायें और अन्य घरेलू व कृषि संबंधी सामान जलकर राख हो गया।
पुलिस ने पनाराम की रिपोर्ट पर आगजनी का मामला दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को दोनों मृत गायों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया। इस आगजनी में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।


