चूरू में शीतलहर और घने कोहरे के कारण जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने स्कूलों में अवकाश की घोषणा की है। प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 10 जनवरी तक और कक्षा 6 से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 7 जनवरी तक छुट्टी रहेगी। यह आदेश जिले के सभी राजकीय और गैर-राजकीय विद्यालयों पर लागू होगा। पिछले दो दिनों से चूरू जिले में शीतलहर का प्रकोप जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिसके कारण सड़कों पर वाहनों की गति धीमी रही। कोहरे की दृश्यता 100 मीटर से भी कम दर्ज की गई। जिला कलेक्टर ने सभी शिक्षा अधिकारियों को इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है। सीडीईओ संतोष महर्षि ने स्पष्ट किया कि अवकाश के दौरान सभी शिक्षक नियमित रूप से उपस्थित रहेंगे और निर्धारित परीक्षाएं यथावत संचालित होंगी। उन्होंने यह भी बताया कि निर्देशों की अवहेलना करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी। सुबह छाने वाला यह कोहरा खेतों में बारानी चने की फसल के लिए फायदेमंद माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक कोहरा छाए रहने की आशंका है। इसके साथ ही, अगले दो-तीन दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।


