चूरू के रतननगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सात साल की बच्ची आग से झुलस गई। यह घटना घर में चूल्हे पर पानी गर्म करते समय आग भभकने से हुई। हादसे में बच्ची कविता की गर्दन, हाथ, पैर और पेट झुलस गए। परिजन उसे निजी वाहन से डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने घायल बालिका का प्राथमिक इलाज किया। इसके बाद उसे बर्न वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। बालिका के परिजनों ने बताया कि कविता घर में जल रहे चूल्हे के पास बैठी थी। तभी उसने लकड़ी पर लगाई जाने वाली पॉलिश को जलती हुई लकड़ी पर डाल दिया, जिससे आग भभक गई और वह झुलस गई। इमरजेंसी वार्ड स्टाफ ने इस घटना की सूचना अस्पताल चौकी पुलिस को भी दे दी है।


